Tuesday, 12 February 2013

आचार्यत्व और कवित्व के सारस्वत प्रतिमान

जयंती पर विशेष  

आचार्यत्व और कवित्व के सारस्वत प्रतिमान
महाकवि आचार्य जानकीवल्लभ शास्त्री


आधुनिक हिंदी साहित्य के शिखर-पुरुष महाकवि आचार्य जानकीवल्लभ शास्त्री [माघ शुक्ल द्वितीया 1916 -07 अप्रैल 2011] आचार्यत्व और कवित्व के सारस्वत स्वरूप थे | उत्तर छायावाद के अग्रणी कवि आचार्य प्रवर निरंतर सात दशकों तक साहित्य रचना में सक्रिय रहे | इस बीच हिंदी गीत-कविता ने विचार और शिल्प के अनेक परिवर्तनों को देखा | महाकवि ने गीत-कविता की हरेक बदलती भंगिमा को समयानुरूप अपनी रचनाशीलता में आत्मसात किया | अनेक अर्थच्छवियां उकेरतीं उनकी बहुविध रचनाएं इस तथ्य का जीवंत प्रमाण हैं |
                        हिंदी काव्य जगत में जब आचार्य जानकीवल्लभ शास्त्री का आगमन हुआ, उस समय एक ओर छायावाद का अवसान हो रहा था दूसरी ओर नवकाव्य धारा में प्रगति के स्वर भी मुखर हो रहे थे | शास्त्री जी के व्यक्तित्व में प्राच्यविद्या के ज्ञान से मंडित प्रतिभा और पांडित्य का अपूर्व संवलन रहा है | हिंदी काव्य क्षेत्र में उनकी सारस्वत प्रतिभा ने निरंतर नयेपन को ही अपना लक्ष्य बनाया |
                      भारतीय संस्कृति का सबसे जीवंत स्वरूप अपनी सम्पूर्ण गरिमा के साथ महाकवि जयशंकर प्रसाद के पश्चात् शास्त्री जी में ही दृष्टिगत होता है | भारत की अजस्र सांस्कृतिक धारा के वे अन्यतम कवि थे | वे मात्र अपने वेदांत दर्शन के ज्ञान के कारण ही नहीं, अपितु अपनी व्यापक लोकदृष्टि के कारण भी विशिष्ट थे | उत्तर छायावाद के प्रमुख काव्यकार महाकवि आचार्य जानकीवल्लभ शास्त्री की रचनाओं में एक ओर कलात्मक समृद्धि मिलती है, तो दूसरी ओर समय के सत्य की यथार्थ अभिव्यक्ति की ईमानदारी भी | आचार्य शास्त्री की प्रथम काव्यकृति ‘काकली’ का प्रकाशन 1935 में हुआ | शास्त्री जी को छायावादी कवियों का रचना-शिल्प अपनी ओर खींच रहा था | संस्कृत-साहित्य के अगाध ज्ञान के साथ जब हिंदी काव्य के आकर्षण का संयोग हुआ, तो काव्य-रचना की विलक्षण और वेगवती धारा फूट पड़ी, जो लगातार परवान चढ़ती रही | विभिन्न काव्यान्दोलनों के बीच भी उनकी रचनाशीलता निर्द्वंद्व और निर्वादी बनी रही |
                   प्रेम की मार्मिक अभिव्यंजना उनकी रचनाओं में भावानुभूति के चरम पर दृष्टिगत होती है –
                                                “नयन में प्राण में तुम हो,
                                                 गगन में गान में तुम हो,
                                                 न इतना भी रहा अंतर कि
                                                 मैं हूँ या तुम्हीं तुम हो |” 
शास्त्री जी के कुछ गीत आपनी प्रेमानुभूति के कारण रसज्ञ समाज के बीच सर्वाधिक लोकप्रिय हुए हैं, उनमें से एक है-
                                                 “किसने बांसुरी बजाई ?
                                                  जनम-जनम की पहचानी यह तान कहाँ से आई !
                                                  अंग-अंग फूले कदम्ब सम, सांस झकोरे झूले,
                                                  सूखी आँखों में यमुना की लोल लहर लहराई |”   

Friday, 8 February 2013

बिहार खादी आन्दोलन के सूत्रधार

बिहार खादी आन्दोलन के सूत्रधार : ध्वजा प्रसाद साहू


महात्मा गांधी के आदर्शों के अनुयायी,महान स्वतंत्रता सेनानी तथा बिहार में खादी आन्दोलन के प्रतिष्ठापक ध्वजा प्रसाद साहू की 26 वीं पुण्य तिथि है | दो युग से भी ज्यादा बीत गए ध्वजा बाबू को गुजरे | मगर हर वर्ष शहर के गणमान्य लोग उनके यशःकाय व्यक्तित्व को नमन करने मुजफ्फरपुर के हाथी चौक स्थित उनके प्रतिमा-स्थल पर एकत्र होते हैं | जब भी ध्वजा बाबू की बात होती है तो स्वाधीनता आन्दोलन और खासतौर से खादी आन्दोलन की बात अवश्य होती है | हम उस युग के पूरे परिदृश्य पर नज़र डालें तो उस युग में गाँधी के  व्यक्तित्व का कुछ ऐसा आकर्षण था कि रचनात्मक सोच का लगभग सम्पूर्ण युवा जनमानस उनके प्रभाव में था | मगर कुछ ऐसे भी युवा थे, जिन्हें गांधी अपने विचारों के परीक्षण की प्रयोगशाला मानते थे | ध्वजा बाबू उन्हीं लोगों में से एक थे,जो गांधी –परिवार में बिहार का प्रतिनिधित्व कर रहे थे |  जिनसे हमेशा गांधी का संवाद बना रहता था | एक तरह से कहें तो गांधी के सिद्धांतों और उनके वैचारिक दर्शन के व्यवहार की कसौटी ध्वजा बाबू सरीखे लोग ही थे | ध्वजा बाबू ने गांधी का अनुसरण किया तो उसके पहले वे एक विचार मंथन से गुजरे,पहले उनकी सोच थोड़ी अलग थी, वे गरम दल के सदस्य थे | 1917 में गांधी के बिहार आगमन के समय जब उनका साक्षात्कार गांधी से हुआ ध्वजा बाबू की सोच   बदली|  गांधी ने ध्वजा बाबू की निष्ठा और लगन देखकर बिहार में उन्हें खादी का काम आगे बढाने का कार्य सौंपा | जिस काम में ध्वजा बाबू पूरी लगन से जुट गए | ध्वजा बाबू की  रचनात्मक सोच कैसी  थी ? यह उनके वैचारिक आलेखों से पता चलता है | उनका एक लेख है – ‘ बेकारी की समस्या का निदान और खादी ग्रामोद्योग का योगदान’ जिसमें उन्होंने लिखा है –“यों तो सभी देशों में बेकारी की समस्या न्यूनाधिक बनी ही रहती है | हमारे देश में विशेषकर बिहार प्रदेश में बेकारी एक गंभीर समस्या बनकर उपस्थित हुई है | यहाँ भूमिहीन मजदूरों की सर्वाधिक संख्या है | जिनके पास ज़मीन है वे उनके श्रम का लाभ उठाते हैं और श्रम कानून के हिसाब से उन्हें मजदूरी भी नहीं मिलती | उनके लिए वैकल्पिक धंधा अम्बर चरखा और करघा हो सकता है | देश की आधी जनसँख्या स्त्रियों की है,जिनमें से अधिकांश के पूरे दिन का समय बिना किसी उत्पादन के नष्ट होता है |” ध्वजा बाबू ने स्त्रियों के लिए खादी उद्योग में कताई का काम सबसे उपयुक्त माना था |
           पढ़े लिखे समाज में ध्वजा बाबू की लोकप्रियता का कारण उनके वैचारिक आलेख भी बने जो उस समय देश की प्रतिष्ठित पत्र-पत्रिकाओं में निरंतर छपते थे |
           ध्वजा बाबू सम्पूर्ण रूप से एक महामानव थे, जिनके हृदय में सम्पूर्ण देश की जनता का दर्द बसता था तथा जिनके निदान के लिए वे आजीवन संघर्ष करते रहे | मैं उन्हें हार्दिक श्रद्धांजलि अर्पित करता हूँ |